लेखाकार व कंप्यूटर ऑपरेटर से जवाब तलब
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। डीपीआरओ के निरीक्षण में नदारद मिले दो कर्मचारियों को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा गया है। जवाब से संतुष्ट नहीं होने तथा दोबारा ऐसा होने पर दोनों कर्मचारियों को विभागीय कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया गया है।
जिला पंचायतराज अधिकारी बनवारी सिंह ने कार्यालय में तैनात कर्मचारियों के उपस्थिति की हकीकत जानने के लिए मंगलवार सुबह 9.30 बजे अपने कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लेखाकार हेमंत मिश्र व कंप्यूटर ऑपरेटर सिरताज अहमद नदारद मिले। नाराज डीपीआरओ ने दोनों को नोटिस जारी कर दो दिन में समुचित जवाब देने को कहा है। जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर एक दिन का वेतन काटने के साथ ही दोबारा ऐसा होने पर विभागीय कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है। डीपीआरओ ने कहा कि कि जन सुनवाई लिए शासन की ओर से नौ से 11 बजे तक का समय नियत होने के बाद सभी कर्मचारियों को सुबह नौ बजे से पूर्व कार्यालय में उपस्थित होने का आदेश देने के बावजूद इसके अनुपालन में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। डीपीआरओ की इस कार्रवाई से लापरवाह कर्मचारियों में हड़कंप मचा है।