मां-बेटी को चकमा देकर 55 हजार रुपये के जेवरात उड़ाए
- सोने के आभूषण साफ करने का पाउडर बेचने के नाम पर ठगी
- पीड़िता ने थाने में दी तहरीर
बाजार शुकुल (अमेठी)। सोने के जेवरात साफ करने के नाम पर बुधवार को एक कंपनी का पाउडर बेचने पहुंचे दो युवकों ने मां-बेटी के 55 हजार रुपये कीमत के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़िता ने तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के कस्बे में ही सुरेश चंद्र सोनी की क्लीनिक है। बुधवार सुबह दो युवक सुरेश सोनी के घर पहुंचे और कहा कि हम लोग एक पाउडर का प्रचार करते हैं, जिससे पांच धातुएं साफ की जाती हैं। आप चाहें तो सोना-चांदी साफ करवा सकती हैं। इस पर डॉक्टर की पत्नी कमलेश सोनी अपने जेवरात साफ करवाने के लिए ले आईं जिसमें दो जोड़ी कान का झाला, अंगूठी आदि लगभग पचपन हजार के सामान थे। तभी आरोपियों ने गर्म पानी लाने को कहा। जब गर्म पानी लेकर मां-बेटी वापस आईं तो दोनों युवक गहने समेत नदारद थे।