बीते वर्ष के बीटीसी इस बार पा सकेंगे छात्रवृत्ति
सुल्तानपुर। वर्ष 2015-16 के बीटीसी के प्रशिक्षु इस बार छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ पा सकेंगे। एक वर्ष पीछे शुरू हुए सत्र के छूटे हुए छात्रों को वजीफा व शुल्क प्रतिपूर्ति देने के लिए शासन ने हरी झंडी दे दी है। शासन के निर्देश पर ऐसे छात्रों से 13 जुलाई तक आवेदन मांगे गए हैं।
वर्ष 2015-16 का एक वर्ष बाद वर्ष 2016-17 में शुरू हुए प्रशिक्षण में शामिल छात्र-छात्राओं को शासन ने इस बार छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति देने का निर्णय लिया है। एक वर्ष बाद शुरू हुए प्रशिक्षण के छूटे छात्र-छात्राओें को छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि देने के लिए शासन ने आवेदन मांगे हैं। समाज कल्याण विभाग को पत्र भेजते हुए शासन ने 13 जुलाई तक छूटे हुए छात्रों का आवेदन ऑनलाइन कराने का निर्देश दिया है। शासन के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने विद्यालयों एवं शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर छूटे हुए छात्रों का आवेदन ऑनलाइन कराने एवं आवेदन की हार्डकॉपी विद्यालय के जरिए विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। समाज कल्याण अधिकारी रामचंद्र दूबे ने बताया कि 13 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन एवं उसकी हार्ड कॉपी विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। ऑनलाइन आवेदन के साथ हार्ड कॉपी मिलने पर ही विचार किया जाएगा।