बगैैर मान्यता लिए कक्षाओं का संचालन करने वाले आठ विद्यालयों को शनिवार को खंड शिक्षाधिकारियों की टीम ने बंद करवा दिया। मौके पर मिले विद्यालयों के प्रबंधकों से टीम के अधिकारियों ने आगे से बगैर मान्यता लिए स्कूल संचालन न करने का पत्र भी लिया है।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कौस्तुभ कुमार सिंह के निर्देश पर खंड शिक्षाधिकारियों की 11 सदस्यीय टीम ने कादीपुर विकास खंड क्षेत्र के विद्यालयों का दौरा किया। अवैध रूप से संचालित विद्यालयों के संचालक औचक निरीक्षण की खबर पर विद्यालय बंद कर भाग खड़े हुए।
आठ विद्यालयों को कक्षाओं का संचालन करते पाया गया, जिन्हें बंद करवा दिया गया। बेबी लैंड प्ले स्कूल, अशोका प्ले ग्रुप स्कूल, होली होम कान्वेंट स्कूल, जय बजरंग शिक्षण संस्थान जफरपुर, जगदीश प्रसाद सिंह शिक्षण संस्थान तवक्कलपुरनगरा, मारुतिनंदन कोचिंग सेंटर कमरावां, देवराजी देवी शिक्षण संस्थान गौरा बेबीपुर, सिद्घार्थ शिक्षा निकेतन रानीपुर कायस्थ की जांच कर कक्षाओं का संचालन बंद करवा दिया गया।
दूबेपुर खंड शिक्षाधिकारी एसबी सिंह ने बताया कि प्रबंधकों से इस आशय का लिखित पत्र लिया जा रहा है कि वे भविष्य में बगैर मान्यता लिए विद्यालय का संचालन नहीं करेंगे। इसके बाद भी यदि स्कूल चलता पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। टीम में बीइओ सुशील कुमार त्रिपाठी, सत्य प्रकाश सिंह, सुधीर कुमार सिंह, पंकज यादव, फूलचंद मौर्य, राहुल तिवारी, बृजेेश सिंह, राजेश सिंह, अनिल सिंह व सूर्य प्रताप सिंह शामिल रहे।