सुल्तानपुर। बेखौफ बदमाशों ने शुक्रवार को दिनदहाड़े जगदीशपुर में स्थित इंडेन ग्रामीण वितरण गैस केंद्र पर धावा बोल दिया। असलहों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने मैनेजर समेत छह कर्मचारियों को शोरूम में बंद कर 70 हजार रुपये लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे फरार हो गए। मैनेजर की सूचना के बाद सीओ कादीपुर और एसओ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से जानकारी ली।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव की रहने वाली प्रिया सिंह का गांव के बाहर इंडेन ग्रामीण वितरण गैस केंद्र है। एजेंसी पर अखंड प्रताप सिंह मैनेजर हैं। एजेंसी पर मैनेजर समेत कुल छह लोग कार्यरत हैं।
शुक्रवार को दोपहर करीब दो बजे मुंह ढंककर छह लोग एजेंसी पर पहुंचे। उनलोगों ने पहले मैनेजर से गैस का नया कनेक्शन लेने के बारे में पूछा। मैनेजर उन्हें जानकारी दे ही रहे थे कि बदमाशों ने असलहा निकाल लिया।
असलहा सटाकर बदमाशों ने मैनेजर और एजेंसी पर मौजूद अन्य पांच कर्मचारियों को शोरूम में ले जाकर बंद कर दिया। इसके बाद एजेंसी पर मौजूद 70 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी लुटेरे फरार हो गए। मैनेजर ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना के बाद सीओ कादीपुर सुरेंद्र कुमार और एसओ अखंडनगर संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ ने घटना के बारे में पीड़ित लोगों से जानकारी ली। एसओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज किया जा रहा है।