कांग्रेस की प्रचार सामग्री के साथ जीप सीज
अमेठी। स्थानीय विधानसभा क्षेत्र में धनापुर चौराहे के समीप कांग्रेस की प्रचार सामग्री लादकर ले जा रही एक जीप को उड़नदस्ता टीम ने पकड़ा है। टीम ने प्रचार सामग्री जब्त कर वाहन को सीज कर दिया। जीप चालक के विरुद्ध पुलिस ने केस दर्ज किया है।
स्थानीय विधानसभा क्षेत्र में तैनात उड़नदस्ते के मजिस्ट्रेट जेई लल्लन राम ने मंगलवार देर शाम संग्रामपुर के धनापुर चौराहे के पास चेकिंग लगाई थी। इसी दौरान एक जीप आती दिखाई पड़ी।
टीम ने जीप रुकवाकर जांच की तो उसमें कांग्रेस की प्रचार सामग्री लदी मिली। जेई लल्लन राम ने बताया कि वाहन से दो बंडल बड़े झंडे, 30 छोटे झंडे, 220 रिबन, 405 स्टीकर, हाथ पंजा 110 व दो बड़े बैनर मिले हैं।
प्रचार सामग्री को जब्त कर लिया गया है और कोई अनुमति नहीं होने के चलते वाहन को सीज कराया गया है। थाना प्रभारी विश्वनाथ यादव ने बताया कि जीप चालक मोहम्मद शरीफ निवासी गुजरन का पुरवा, थाना गौरीगंज के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।