550 बड़े बकाएदारों से 4.65 करोड़ वसूलने को आरसी जारी
सुल्तानपुर। बिजली के बकाएदारों से वसूली के लिए पावर कॉर्पोरेशन कड़ाई शुरू कर दी है। उसके निशाने पर 550 बड़े बकाएदार हैं। हिदायत के बावजूद बकाया बिल नहीं चुकाने वाले इन उपभोक्ताओं के खिलाफ पावर कॉर्पोरेशन के निर्देश पर वितरण खंड-दो ने चार करोड़ 65 लाख रुपये की आरसी जारी कर दी है। अब तहसील प्रशासन इनसे वसूली करेगा।
बिजली के बकाया बिलों की वसूली के लिए वितरण खंड ने अभियान चला रखा है। इसके बावजूद बहुत से बड़े बकाएदारों ने बिल जमा नहीं किया। ऐसे उपभोक्ताओं पर पावर कॉर्पोरेशन ने कड़ाई शुरू कर दी है। चेकिंग व कनेक्शन काटने के बाद कॉर्पोरेशन के निर्देश पर वितरण खंड उपभोक्ताओं से बिलों की वसूली के लिए आरसी जारी कर रहा है।
वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता अनूप चंद्रा के निर्देश पर खंड-दो के अधिशासी अभियंता यादवेंद्र यादव ने 550 उपभोक्ताओं की आरसी जारी कर दी है। इन उपभोक्ताओं पर चार करोड़ 65 लाख 24 हजार रुपये बकाया है। तहसील को आरसी भेजते हुए वितरण खंड ने जल्द राशि वसूली की अपेक्षा की है। तहसील प्रशासन अब राशि पर अपना खर्च जोड़कर उपभोक्ताओं से वसूली करेगा।
अधीक्षण अभियंता अनूप चंद्रा ने बताया कि अन्य वितरण खंडों को भी बकाएदारों के खिलाफ आरसी जारी करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही चेकिंग अभियान जारी रहेगा। राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।