पंचायत के सामान्य निर्वाचन में भी पहले चरण के तीन ब्लॉकों में ग्राम पंचायत सदस्यों के 600 वार्ड खाली रह गए। इन वार्डों में कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं होने से चुनाव नहीं कराए जा सकेंगे। पहले चरण का नामांकन मंगलवार को समाप्त होने के बाद स्थिति सामने आई है। चुनाव नहीं होने से प्रशासन के सामने इन वार्डों में छह माह के भीतर दोबारा निर्वाचन कराने की नौबत आ गई है। इसे ग्राम पंचायत सदस्य पद को लेकर ग्रामीणों में उत्साह की कमी बताया जा रहा है।
ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के सामान्य निर्वाचन में भी ग्राम पंचायत सदस्य की पहले चरण में 600 वार्ड खाली रह गए। सामान्य निर्वाचन में पहले चरण में शामिल तीनों ब्लॉकों धनपतगंज, कूरेभार व जयसिंहपुर में 3008 ग्राम पंचायत सदस्य वार्ड में चुनाव होने थे। 16 व 17 नवंबर को हुए नामांकन में तीनों ब्लॉकों के 600 ग्राम पंचायत सदस्य वार्डों में किसी ने परचा नहीं भरा।
इसमें धनपतगंज के 70, कूरेभार के 261 व जयसिंहपुर के 269 वार्ड हैं। इन वार्डों में नामांकन पत्र नहीं दाखिल होने से अब चुुनाव नहीं कराए जा सकेंगे। चुनाव नहीं होने से प्रशासन के सामने छह माह के भीतर दोबारा चुनाव कराने की नौबत आ खड़ी हुई है। ग्राम पंचायत सदस्यों के वार्ड खाली रह जाने के पीछे इस पद को लेकर ग्रामीणों में उत्साह की कमी बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि सदस्य को लेकर ग्रामीणों में कोई खास रुचि नहीं रही।
प्रधान पद के लिए रही मारामारी
पहले चरण के सामान्य निर्वाचन में प्रधान पद पर नामांकन दाखिले को लेकर ग्रामीणों में जहां मारामारी मची रही वहीं सदस्य को लेकर कोई रुचि नहीं दिखी। तीनों ब्लॉकों में प्रधान पद के लिए दाखिल 2548 नामांकन पत्रों से इसका अनुमान लगाया जा सकता है।
पहले दिन नहीं खारिज हुए कोई परचे
पहले चरण में धनपतगंज, कूरेभार व जयसिंहपुर में प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पद के दाखिल नामांकन पत्रों की जांच बुधवार को दिन भर जारी रही। तीनों ब्लॉकों के निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक पहले दिन की जांच में कोई नामांकन पत्र खारिज नहीं हुए। नामांकन पत्रों की जांच गुरुवार को भी होगी। गुरुवार को पहले चरण के नामांकन पत्रों की जांच पूरी होगी।