बारिश से बिजली व्यवस्था बेपटरी, करीब पांच लाख लोग परेशान, डिस्चार्ज हो गए मोबाइल व इनवर्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर। दो दिनों से लगातार जारी बारिश से जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी से उतर गई है। शनिवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली को लेकर हाहाकार मचा है। दो दिनों से 569 गांवों की बंद चल रही बिजली दूसरे दिन भी नहीं बहाल हो सकी। कर्मचारियों की ओर से खराबी दूर करते ही फिर खराबी आ जा रही है। खराबी से जिले के 14 उपकेंद्र बंद चल रहे हैं।
शुक्रवार को बरसात के दौरान शहर के डाकखाना व दरियापुर उपकेंद्र पर लाइन व संयंत्र में खराबी आ गई। शनिवार की सुबह से दोनों उपकेंद्र बाधित चल रहे थे। सुबह से दोनों उपकेंद्रों की बिजली करीब सात घंटे बंद रही। दोपहर को खराबी को दूर कराकर आपूर्ति बहाल कराई गई।
दियरा उपकेंद्र ठप
मोतिगरपुर। बारिश से बृहस्पतिवार की रात नौ बजे बंद हुआ दियरा विद्युत उपकेंद्र अभी तक चालू नहीं हो सका। करीब 44 घंटे से उपकेंद्र बंद होने से एक लाख से अधिक की आबादी दो दिनों से अंधेरे में है। विद्युत कर्मी खराबी नहीं ढूंढ पा रहे हैं। बगल को ढेमा उपकेंद्र भी बाधित चल रहा है। बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से लोगों के मोबाइल व इनवर्टर बैठ गए हैं। कुछ लोगों को इंजन के सहारे मोबाइल चार्ज करना पड़ रहा है। इसके साथ ही कई ग्रामीण उद्योग बंद चल रहे हैं।
33 हजार लाइन पर पेड़ गिरने से उपकेंद्र बंद
दूबेपुर (सुल्तानपुर)। शहर के ट्रांसपोर्टनगर उपकेंद्र की 33 हजार इनकमिंग लाइन पर शनिवार की भोर में करीब चार बजे लाखीपुर गांव के पास पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से उपकेंद्र बंद हो गया है। करीब 50 हजार से अधिक आबादी परेशान हो गई है। सुबह आठ बजे से बिजली अभियंताओं व कर्मियों की टीम मरम्मत कार्य में जुटी हैं। अवर अभियंता जियालाल का कहना है कि मौके पर भीषण जलभराव होने के चलते मरम्मत कार्य में अपेक्षाकृत अधिक समय लग रहा है। दोपहर बाद करीब तीन बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। कटौती से पयागीपुर, नारायनपुर, लक्ष्मणपुर, लोको कॉलोनी, गभड़िया, महुअरिया, पल्टू का पुरवा, आदर्शनगर, अहिमाने, गोराबारिक, अमहट, तुराबखानी, रानीगंज, लाखीपुर, दिखौली, दूबेपुर, ताजपुर, अफलेपुर, बहादुरपुर, दादूपुर, कांशीराम कॉलोनी, सैनानी विहार कॉलोनी, नवीन सब्जी मंडी, केंद्रीय विद्यालय, पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय, मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, एआरटीओ कार्यालय व पुरुष ट्राॅमा सेंटर की बिजली आपूर्ति करीब आठ घंटे ठप रही।
हनुमानगंज व रामपुर मे तीन दिनों से बिजली गुल
भदैंया (सुल्तानपुर) । भदैंया विकास क्षेत्र के लोलेपुर उपकेंद्र के शिवनगर, हनुमानगंज व रामपुर गांव में बरसात शुरू होते ही बृहस्पतिवार की शाम तार टूट गया। केबल व तार की खराबी से तीनों गांवों में 72 घंटे से लोग बिजली के अंधेरे में रात व दिन गुजार रहे हैं। गांव की तीन हजार से अधिक की आबादी अंधेरे में है। गांव के छह निजी ट्यूबवेल बंद हो गए हैं । खेती किसानी का काम ठप हो गया है। एसडीओ लोलेपुर कुमार विकल्प ने बताया कि जानकारी लाइनमैनों को दी गई है। जेई को भेजकर जल्द ही इसे ठीक कराया जा रहा है।
बृहस्पतिवार से उपकेंद्र बंद
करौंदीकलां। बृहस्पतिवार की रात से सरस्वती नगर उपकेंद्र पर आई खराबी से बंद हुई आपूर्ति अभी तक बहाल नहीं हो सकी है। विद्युत कर्मियों के मुताबिक कादीपुर से करौंदीकलां उपकेंद्र के बीच 33 केवीए सप्लाई में खराबी आ गई है। बारिश की वजह से जगह-जगह पानी भर गया है। इसकी वजह से खराबी ढूंढने में दिक्कत आ रही है। जेई सुमित मंडल ने बताया पावर हाउस पर कार्यरत लाइनमैन राजकुमार, नीरज यादव, नन्हे, शेषनाथ पांडे की टीम लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। खराबी मिलते ही उसे ठीक करा दिया जाएगा।
48 घंटे से पांच फीडर बंद, दो लाख से अधिक आबादी परेशान
सेमरी बाजार। बृहस्पतिवार को आई तेज आंधी और बारिश से कस्बा समेत बिरसिंहपुर उपकेंद्र की 350 गांवों की बिजली 48 घंटे से ठप है। शनिवार को पूरे दिन कर्मचारी खराबी ठीक करने में जुटे रहे लेकिन देर शाम तक बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी। पिछले 48 घंटे से लोग बिना बिजली के रह रहे है। करीब दो लाख से अधिक आबादी परेशान है। बिरसिंहपुर उपकेंद्र के सेमरी, तिंदौली, हालापुरा, नुमाएं व छीटेपट्टी फीडर के 350 गांवों में अंधेरा हो गया था। गांवों में पेड़ गिरने से खंभे के तार टूट गए। आकाशीय बिजली के गिरने से बहुत से जगह इंसुलेटर खराब हो गए हैं। दो दिनों की लगातार तेज बारिश के बाद शनिवार को कर्मचारियों ने बिजली दुरुस्त करने का काम शुरु किया लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। जेई बिरसिंहपुर अभिषेक कश्यप ने बताया की खराब इंसुलेटर को बदल दिया गया है। सूचना पर खराबी को दूर कराया जा रहा है। इसके साथ ही इसौली, सरकौड़ा, अखंडनगर व शिवगढ़ उपकेंद्र पर समस्या बनी है।