मोतिगरपुर ब्लॉक के हंसापुर में स्क्रीनिंग कराते ग्रामीण।
अमहट। 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चलाए गए अभियान में 58 दिन में 559 संदिग्ध टीबी मरीज पाए गए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 24 मार्च से 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जांच व जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले के 412 उच्च जोखिम वाले गांवों को चिह्नित कर विशेष कार्ययोजना के तहत स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.आरके कनौजिया ने बताया कि विभाग की तरफ से अब तक 202 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिले में तीन हैंडहेल्ड एक्सरे मशीन उपलब्ध कराई गई हैं, जिन्हें प्रत्येक शिविर में स्थापित कर 14 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। गर्भवती महिलाओं को इस जांच से अलग रखा गया है। अभियान के दौरान अब तक जिले में कुल 44,843 व्यक्तियों का एक्सरे किया जा चुका है।
इसमें स्वास्थ्य केंद्रों पर स्थापित एक्सरे मशीनों तथा हैंडहेल्ड एक्सरे मशीनों दोनों से की गई जांच शामिल है। इसके साथ ही लक्षणयुक्त व्यक्तियों के बलगम नमूने लेकर जांच भी कराई जा रही है। अब तक 7512 संभावित मरीजों की जांच की जा चुकी है। जिला क्षय रोग विभाग के अभियान के दौरान अब तक कुल 559 टीबी मरीजों की पहचान की जा चुकी है। विभाग की ओर से चिह्नित मरीजों का उपचार शुरू कर उन्हें नियमित दवा व परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।