मनमाने रेट पर बेचे जा रहे स्टांप
जयसिंहपुर। स्थानीय तहसील में स्टाम्प पेपरों की कालाबाजारी का खेल चल रहा है। 10 व 20 रुपये स्टाम्प पेपर को 80 से 100 रुपये तक बेचा जा रहा है। मनमाने रेट पर स्टाम्प बेचे जाने से लोगों को महंगे रेट पर खरीदारी करनी पड़ रही है। समस्या को लेकर ग्रामीणों में रोष है। स्कूल कॉलेजों के खुलते ही 10 व 20 रुपए के स्टाम्पों की कमी बता कर स्टाम्प वेंडर लोगों से मनमाना दाम वसूल कर रहे हैं। तहसीलों में लगने वाले शपथ पत्र व स्कॉलरशिप समेत अन्य योजना के लिए अनिवार्य किए गए 10 व 20 रुपए के स्टाम्प पेपर को 80 से 100 रुपए तक बेचा जा रहा है। तहसील परिसर में ही हो रही स्टाम्प पेपरों की कालाबाजारी से लोगों में रोष है। इस बाबत एसडीएम जयसिंहपुर चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि यदि किसी स्टाम्प वेंडर द्वारा स्टाम्प की कालाबाजारी या अधिक मूल्य लिए जाने की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
मीरपुर सरैया गांव में हुआ स्वच्छता कार्यक्रम
जयसिंहपुर। स्वच्छता पखवारा कार्यक्रम के अंतर्गत नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत मीरपुर सरैया के प्राथमिक विद्यालय मीरपुरसरैया में स्वच्छता पखवारा का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डॉ. मायाराम नागर ने स्वच्छता कार्यक्रम की शुरुआत की। उपस्थित बच्चों और लोगों को स्वच्छता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक बृजेेश सिंह, सहायक अध्यापक विजय सिंह, राकेशचंद्र, नेहरू युवा केंद्र के सदस्य दीपक कुमार गुप्ता, विनोद पाल, अभिषेक तिवारी, अतुल वर्मा, हिमांशु श्रीवास्तव, सौरभ मौजूद रहे।