जल्द संचालित होगा राजकीय इंटर कॉलेज पिंडोरिया
क्रासर
पत्र भेज मांगा गया पद सृजन व संचालन आदेश
आदेश मिलते ही जुलाई से शुरू हो जाएगा शिक्षण कार्य
फोटो संख्या-23
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। राजकीय इंटर कॉलेज पिंडोरिया महराजपुर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद विभाग अब इसे संचालित करवाने की कवायद में जुट गया है। कवायद सफल हो सके इसके लिए सोमवार को डीआईओएस ने शासन को पत्र भेजकर पद सृजन व संचालन की अनुमति मांगी है। शासन से अनुमोदन मिलते ही शैक्षिक सत्र 2017-18 से विद्यालय में शिक्षण कार्य शुरू हो जाएगा।
अमेठी तहसील के पिंडोरिया महराजपुर में चार मार्च 2015 को तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की थी। स्वीकृति के बाद कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद इकाई रायबरेली की ओर से तैयार चार करोड़ सात लाख के डीपीआर को स्वीकृत करते दो वर्ष में कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। बीते दिनों कार्यदायी संस्था की ओर से भवन को हैंडओवर करने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग अब इसे संचालित करने की कवायद में जुट गया है। सोमवार को डीआईओएस डॉ. ओमप्रकाश मिश्र ने शिक्षा निदेशक व शासन को पत्र भेजकर पद सृजन व संचालन की अनुमति मांगी है। उन्होंने बताया कि पद सृजन व संचालन की अनुमति प्राप्त होते ही शैक्षिक सत्र 2017-18 में शिक्षकों को संबद्ध करते हुए एक जुलाई से शिक्षण कार्य शुरू किया जाएगा।