सुल्तानपुर। सहकारिता विभाग, मोतिगरपुर के पदारथपुर उपाध्याय सहकारी समिति पर 1000 मीट्रिक टन क्षमता की नया गोदाम बनवाएगा। इसे पीसीएफ समेत अन्य बड़ी कंपनी को किराये पर देगा। जिससे समिति मुनाफा कमाएगी।
सहकारी समितियों की आय में वृद्धि के लिए सहकारिता विभाग की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके तहत मांगे गए प्रस्ताव पर सहकारिता विभाग ने करौंदीकलां व मोतिगरपुर का प्रस्ताव भेजा था। शासन ने करौंदीकलां का प्रस्ताव खारिज कर दिया। शासन ने मोतिगरपुर के पदारथपुर उपाध्याय सहकारी समिति का प्रस्ताव नए सिरे से मांगा है।
करीब एक करोड़ रुपये से पदारथपुर उपाध्याय में एक हजार मीट्रिक टन क्षमता की गोदाम का निर्माण कराया जाएगा। सहकारिता विभाग के उपनिबंधक अंजनी कुमार ने बताया कि गोदाम का निर्माण नाबार्ड से ऋण लेकर कराया जाएगा। समिति को मिलने वाले किराये गए से लोन की अदाएगी की जाएगी। निर्माण के लिए एक कंपनी नामित हो गई है।