सुल्तानपुर। गर्मी में बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत वितरण निगम ने जिले में नौ करोड़ रुपये से ट्रांसफार्मरों और उपकेंद्रों की क्षमतावृद्धि का कार्य शुरू करा दिया है। साथ ही हाईटेंशन लाइनों की मरम्मत और नए ट्रांसफार्मरों को लगाने का कार्य भी शुरू किया जा रहा है। जिले के 4.34 लाख उपभोक्ताओं को इस बार गर्मी में बेहतर बिजली की आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
पिछले वर्ष गर्मी में शहर और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा था। शहर के चारों उपकेंद्रों के ओवरलोड होने से रात-दिन कटौती होती रही। प्रशासन और माननीयों के हस्तक्षेप के बाद भी इसमें सुधार नहीं हो सका था। पिछले साल की समस्या को देखते हुए विद्युत वितरण निगम ने टीपीनगर, डाकखाना, दियरा समेत चार उपकेंद्रों की क्षमता करीब 3.59 करोड़ रुपये से कराया है।
शहर में पुलिस लाइन के नाम से नए उपकेंद्र की स्थापना की तैयारी अंतिम चरण में है। साथ ही बिजनेस प्लान के तहत शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के 256 ट्रांसफार्मर बदले गए हैं। ओवर लोड चल रहे कम क्षमता के ट्रांसफार्मरों के स्थान पर बड़ी क्षमता का लगाया गया है। इसमें 25 केवीए के स्थान पर 63, 63 के स्थान पर 100, 100 के स्थान पर 200 और 200 के स्थान पर 400 केवीए के ट्रांसफार्मर करीब पांच करोड़ से बदले गए हैं। कुछ स्थानों पर बड़ी लाइनों को छोटा किया गया है। कई स्थानों पर अभी कार्य चल रहा है।
डेढ़ करोड़ रुपये का फिर निकाला टेंडर
विद्युत वितरण मंडल ने हाईटेंशन लाइनों की मरम्मत और ट्रांसफार्मरों की स्थापना के लिए बुधवार को टेंडर निकाला है। करीब डेढ़ करोड़ रुपये से टेंडर में शामिल कार्यों को कराया जाएगा। उपभोक्ताओं के लिए 25, 63,100, 200 और 400 केवीए के करीब 57 ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। 11 हजार और 33 हजार वोल्ट की लाइनों को दुरुस्त कराया जाएगा। जरूरत के मुताबिक खंभे व तार भी बदले जाएंगे।
स्वीकृति मिलते ही स्थापित कराए जाएंगे पांच नए उपकेंद्र
विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता एके सिंह ने बताया कि पूर्व की दिक्कतों को देखते हुए क्षमता वृद्धि व लाइनों को दुरुस्त कराया जा रहा है। पांच उपकेंद्रों की स्वीकृति लंबित है। मंजूरी मिलते ही उसे भी स्थापित कराया जाएगा।