लापरवाही पर दंडित होंगे अधिकारी: डीएम
गौरीगंज। शासन की ओर से संचालित विकास योजनाओं की प्रगति जानने के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। इसके बाद डीएम ने विकास कार्यों के साथ ही राजस्व वसूली में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएम शकुंतला गौतम ने प्रत्येक ग्राम पंचायत के साथ नगरीय क्षेत्र में गौ संरक्षण केंद्र निर्माण की प्रगति, भूमि चिह्नांकन व मनरेगा में मौजूद धन की समीक्षा करते हुए शासन की मंशा के अनुसार गौ संरक्षण केंद्र निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया। डीएम ने सभी नोडल अधिकारियों को अपने-अपने गांव में भ्रमण कर पोषाहार वितरण व चयनित लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण करवाकर रिपोर्ट देने के साथ ही सभी अधिकारियों को गांवों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों को मानक के अनुरूप समय से पूरा कराने का निर्देश दिया। बैठक में प्रभारी सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।