नहर में रिसाव, गांव में घुसा पानी
सुल्तानपुर। दूबेपुर क्षेत्र में सुल्तानपुर माइनर की पटरी में कई दिन से हो रहे रिसाव के चलते पानी होली का पुरवा गांव के कई घरों तक पहुंच गया है। आसपास के खेत जलमग्न हो गए हैं। सूचना के बावजूद सिंचाई खंड के अधिकारियों के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में रोष है।
सुल्तानपुर माइनर के टेल पॉइंट होली का पुरवा गांव के पास तीन दिन से पानी का रिसाव हो रहा है। रिसाव बंद नहीं होने से आसपास के खेत जलमग्न हो गए। पानी होली का पुरवा गांव में लोगों के घरों तक पहुंच गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस बारे में सिंचाई खंड के अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन रिसाव को रोकने के लिए कोई नहीं आया।
सिंचाई खंड के अभियंता शिवराम ने बताया कि माइनर से पानी के रिसाव के कारणों का पता नहीं चल सका है। कुछ ग्रामीण माइनर की पटरी काट लेते हैं। पटरी कमजोर होने से रिसाव होने लगता है। सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि होली का पुरवा गांव में रिसाव की जानकारी देरी से मिली है। पानी का रिसाव रोकने के लिए शनिवार से कार्य शुरू करवाया जाएगा।