सुल्तानपुर। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में पंजीकृत करीब 41 हजार वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर निरस्त होने के कगार पर पहुंच गए हैं। समय से नवीनीकरण नहीं कराने पर परिवहन विभाग इन वाहनों के नंबरों को निलंबित कर चुका है। इसमें हल्के चार पहिया व दो पहिया वाहन शामिल बताए जा रहे हैं। नंबर निरस्त करने के बाद उसका डाटा डिलीट हो जाएगा। डाटा डिलीट होने के बाद ये वाहन अवैध हो जाएंगे।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में करीब 15 वर्ष पहले तक पंजीकृत वाहनों पर संकट मंडराने लगा है। समय से नवीनीकरण नहीं कराने पर परिवहन विभाग ने कड़ा कदम उठाया है। परिवहन विभाग ने जिले में पंजीकृत करीब 41 हजार वाहनों का नंबर निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद विभाग ने नोटिस जारी किया है।
इसमें वाहन मालिकों को एक मौका और दिया गया है। नोटिस में समय से नवीनीकरण कराने की चेतावनी वाहन मालिकों को दी गई है। निर्धारित समय पर नवीनीकरण नहीं कराने पर परिवहन विभाग ने करीब 41 हजार वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही साइट से डाटा भी डिलीट करने की चेतावनी दी है। विभाग के मुताबिक समय से नवीनीकरण नहीं कराने वाले वाहनों में हल्के चार पहिया व दो पहिया वाहन शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक डाटा डिलीट होने पर ये नंबर अवैध हो जाएंगे। ऐसे नंबर वाले वाहनों के संचालन पर बाद में कार्रवाई भी होगी।
निरस्तीकरण के दायरे में आने वाले विभिन्न सीरीज के वाहन
परिवहन विभाग की ओर से जारी नोटिस में निरस्तीकरण के दायरे में आने वाले विभिन्न सीरीज के पंजीकृत वाहन हैं। इसमें यूपी 44, यूपी 44 ए, यूपी 44 बी, यूपी 44 सी, यूपी 44 डी, यूपी 44 ई, यूपी 44 एफ, यूपी 44 एच, यूपी 44 जे, यूपीके, यूएसवाई, यूआरई, यूजीके व यूवीएफ सीरीज के वाहन शामिल हैं। विभाग के मुताबिक इस सीरीज के वाहन मालिकों ने अपने वाहनों के पंजीकरण का समय से नवीनीकरण नहीं कराया है। इसकी वजह से वाहनों का पंजीयन निलंबित कर दिया गया है।
वाहन मालिकों की होगी जिम्मेदारी
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) नंदकिशोर ने बताया कि वाहनों का पंजीयन निलंबित करते हुए नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में नवीनीकरण के लिए 15 दिन का एक मौका और दिया गया है। निर्धारित समय पर नवीनीकरण नहीं कराने पर पंजीयन निरस्त करते हुए डाटा डिलीट कर दिया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी वाहन मालिकों की होगी।
बिना फिटनेस दौड़ रहे स्कूली वाहन
जिले में करीब 400 स्कूली वाहन बिना फिटनेस के सड़क पर दौड़ रहे हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) नंदकिशोर ने स्कूल संचालकों से वाहनों की फिटनेस कराने को कहा है। दिसंबर माह में ऐसे वाहनों की फिटनेस नहीं होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।