सुल्तानपुर। शहर समेत जिले में बुधवार को 41 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दो दिनों की रिपोर्ट में कांशीराम कॉलोनी समेत शहर में 25 संक्रमित पाए गए हैं। रिपोर्ट में स्वास्थ्य विभाग के कर्मी में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को देर शाम तक कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया।
डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने रिपोर्ट जारी कर दी है। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि 25 व 26 जुलाई को लखनऊ जांच के लिए भेजे गए सैंपलों में 41 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शहर के ठठेरीबाजार में वृद्घ व एक युवक, चोपड़ा गली में दो बुजुर्ग, दो युवक समेत एक युवती में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
दो दिनों की रिपोर्ट में निरालानगर मोहल्ले में पांच संक्रमित पाए गए हैं। इसमें तीन युवक, एक अधेड़ व एक महिला शामिल है। गोलाघाट का एक पांच वर्षीय मासूम संक्रमित मिला हय। मेजरगंज में एक महिला, गांधीनगर में एक वृद्घ, शहर से सटे कस्बा में एक युवक व कांशीराम कालोनी में दो दिनों में सात संक्रमित पाए गए हैं।
लंभुआ के जमखुरी में एक युवक, मानिकपुर में पांच वर्षीय मासूम, कूरेभार के निजामपट्टी में एक युवक, बहारीपुर में एक युवक, भदैंया के लोहरामऊ में एक महिला, कूरेभार का प्रौढ़ संक्रमित पाया गया है। गोसाईगंज का एक युवक, कुड़वार क्षेत्र का एक युवक, सीएचसी करौंदीकलां के चार कर्मी, जानकी शाह मंदिर का एक युवक संक्रमित पाया गया है। कुड़वार का एक युवक व बहुरी के एक अधेड़ समेत कुल 41 संक्रमित पाए गए हैं। दो दिनों में 41 पॉजिटिव मिलने से जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 602 हो गई है। रिपोर्ट आने के बाद मरीजों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया है।