अंबेडकरनगर जनपद के एफआईआर प्रकरण को लेकर विपणन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से जिले में करीब सवा चार लाख परिवारों पर राशन का संकट मंडराने लगा है। ब्लॉक गोदामों से पीडीएस राशन की निकासी बंद होने से कोटेदारों को वितरण के लिए राशन नहीं मिल पा रहा है। राशन नहीं मिलने से अगले जनवरी में कार्डधारकों को खाद्यान्न मिलने की उम्मीद कम हो गई है। हड़ताल का अभी तक कोई निष्कर्ष नहीं निकलने से प्रशासन गरीबों में राशन वितरण को लेकर पसोपेश में है।
अंबेडकरनगर जनपद के अहिरौली थाने में एक महिला द्वारा विपणन विभाग के अधिकारियों पर दर्ज कराए गए सामूहिक बलात्कार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। दर्ज मुकदमे में आरोपियों में शामिल जिले के जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी जयचंद वर्मा एवं विभाग के अन्य पांच अधिकारियों के समर्थन में विपणन विभाग उतर पड़ा है। विभागीय संगठन ने मुकदमे को झूठा बतातेे हुए हड़ताल शुरू कर दी है।
25 दिसंबर से कार्य बंद करके विपणन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के राशन की निकासी एवं धान खरीद बंद हो गई है। ब्लॉक की गोदामों से राशन की निकासी नहीं होने से कोटेदारों को खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है। खाद्यान्न नहीं मिलने से जिले के 1,29,190 बीपीएल, 78,572 अंत्योदय व 2,38,834 एपीएल परिवारों के राशन पर संकट मंडराने लगा है।
आज होगी बातचीत
अपर जिलाधिकारी प्रशासन कृष्णलाल तिवारी ने कहा कि सोमवार को बात की जाएगी। हड़ताल से पूरा मंडल प्रभावित है। यदि निष्कर्ष नहीं निकला तब वैकल्पिक रास्ते पर विचार होगा।