गौरीगंज। प्राकृतिक आपदा प्रभावित के साथ ही आवास विहीन लोगों को छत मुहैया करवाने के लिए वित्तीय वर्ष 2019-20 में जिले में 4,272 सीएम आवास बनेगा। शासन से लक्ष्य निर्धारित होने के बाद परियोजना निदेशक ने ब्लॉकों को वर्गवार लक्ष्य की संख्यात्मक सूची के साथ पत्र जारी किया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्रों को पक्की छत मुहैया करवाने के लिए मुख्यमंत्री ने पिछले वित्तीय वर्ष में मुख्यमंत्री आवास योजना शुरू की थी।
योजना के तहत 16 अगस्त को जारी आवास लक्ष्य को निरस्त करते हुए आयुक्त ग्राम्य विकास ने जिले में वित्तीय वर्ष 2019-20 में 4,272 मुख्यमंत्री आवास निर्माण का लक्ष्य निर्धारित करते हुए पात्रों को योजना से आच्छादित करने को कहा है।
आयुक्त का पत्र मिलने के बाद जिले के परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशुतोष दुबे ने सभी ब्लॉकों के वर्गवार संख्यात्मक लक्ष्य निर्धारित पत्र जारी किया है।
पत्र में कुष्ठ रोग प्रभावित आवास विहीन परिवार, प्राकृतिक आपदा से प्रभावित आवास विहीन परिवार, कालाजार से प्रभावित आवास विहीन परिवार, वनटंगिया एवं मुसहर आवास विहीन परिवार तथा जेई/एईएस प्रभावित आवास विहीन परिवार का त्रिस्तरीय समिति से चयन कराने को कहा है।
परियोजना निदेशक ब्लॉक को आवंटित लक्ष्य ग्राम पंचायतों में समानुपातिक आधार पर करते हुए आवासहीन पात्रों का पंजीकरण, जियो टैगिंग व फोटोग्राफी की कार्रवाई पूरी करते हुए लाभार्थीवार मांग पत्र कार्यालय को प्रेषित करने को कहा है।
सूची प्रेषण व स्वीकृति के 48 घंटे के अंदर एफटीओ जनरेट करने तथा आठ दिन के भीतर लाभार्थी के खाते में अनुदान राशि ट्रांसफर करने का भी निर्देश दिया गया है।