सुल्तानपुर। आईपीएल में पानी की सप्लाई का टेंडर दिलाने के नाम पर 3.60 लाख रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली नगर में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
शहर के बघराजपुर, ओमनगर निवासी आयुष प्रभात चौरसिया के मुताबिक शहर के पंचमुखी हनुमान मंदिर अतुल प्लाजा निवासी अर्पित श्रीवास्तव उनका पुराना परिचित है।आयुष का आरोप है कि अर्पित ने आईपीएल में पानी की सप्लाई का टेंडर दिलाने के नाम पर उनसे चार लाख रुपये ले लिए। गत चार फरवरी से 11 मार्च के बीच उन्होंने यह धनराशि अपने घर व दोस्तों से उधार लेकर अलग-अलग तारीख में अपिर्त को दी थी। पैसा दिए हुए करीब आठ माह से अधिक का समय बीत चुका है। काफी कहने के बाद अर्पित ने केवल 40 हजार रुपये गत 17 जून को उन्हें लौटाए। अर्पित पर अभी 3.60 लाख रुपये की देनदारी है।
आयुष ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अर्पित से कहा कि मेरी मां आपके घर वालों से मिलकर बात करना चाहती हैं, तो अर्पित ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पैसे लौटाने की बात कहने पर आरोपी गाली-गलौज करता है। आयुष प्रभात ने कोतवाली पुलिस को साक्ष्य के रूप में सभी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन एवं नकद भुगतान के प्रमाण भी देने की बात कही है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि रविवार को आरोपी अर्पित के खिलाफ केस दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू की गई है।