विजेथुआ महावीरन धाम के मकरीकुंड सरोवर पर महाआरती में शामिल श्रद्धालु।
सूरापुर। विजेथुआ महावीरन धाम में रविवार को हनुमान जन्मोत्सव पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। मंदिर का कपाट खुलते ही पूरा परिसर हनुमान जी के जयकारे से गूंज उठा। 21 विद्वानों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन शुरू किया। पुजारियों ने 108 घड़ा दूध, दही, गंगा जल व पंचामृत से हनुमान जी का अभिषेक किया। मंदिर के पुजारियों ने हनुमान जी का शृंगार किया। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने दीये जलाकर मनौती मांगी। मकरी कुंड सरोवर 51 हजार दीपों से जगमग किया गया। पूरे मंदिर परिक्षेत्र को विद्युत झालरों से सजाया गया था। लोकगायक राहुल पांडेय रमन व बृजेश सिंह ने भजन की प्रस्तुतियां दीं। श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। दीपोत्सव का शुभारंभ सत्यपथ फाउंडेशन के संरक्षक विवेक तिवारी ने किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी विनय कुमार गौतम, थानाध्यक्ष श्याम सुंदर, सूरापुर चौकी प्रभारी संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे।