सुल्तानपुर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रविवार को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक और गोमती हॉस्पिटल में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान को लेकर काफी उत्साह दिखा। सुबह करीब साढ़े नौ बजे से शुरू रक्तदान दोपहर 2.30 बजे तक चला।
इस बीच कुल 35 लोग रक्तदान कर महादानी बने। कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उसके सदस्यों में रक्तदान की होड़ लगी रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. एके सिंह और डॉ. आरए वर्मा ने अमर उजाला फाउंडेशन की पहल की सराहना की।
कोविड-19 के दौर में काफी दिनों से रक्तदान में बाधा आ रही थी। रक्तदान की कमी से ब्लड बैंक में इकट्ठा रक्त घटता जा रहा था। इसे देखते हुए बीच-बीच में विभिन्न समाजसेवी संस्थाएं इस कमी को पूरा करने की कवायद में भी लगी थीं।
सामाजिक सरोकार की इसी कड़ी में रविवार को अमर उजाला फाउंडेशन ने जिला अस्पताल के ब्लड बैंक और गोमती हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। जिला अस्पताल के शिविर का शुभारंभ चिकित्सक डॉ. एके सिंह, डॉ. आरके मिश्रा और डॉ. सुधाकर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। वहीं, गोमती हॉस्पिटल में डॉ. आरए वर्मा ने शुभारंभ किया।
अमर उजाला फाउंडेशन की इस पहल में अखिल विश्व गायत्री परिवार सहयोग के लिए आगे आया। अखिल विश्व गायत्री परिवार के सदस्य न केवल रक्तदान शिविर की व्यवस्था में लगे रहे, बल्कि रक्तदान भी किया। रक्तदान के दौरान सोशल व फिजिकल डिस्टेंसिंग का अनुपालन किया गया। रक्तदाताओं को रुक-रुककर बुलाया गया, ताकि भीड़ न लगने पाए।
सुबह 9.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक चले रक्तदान शिविर में कुल 35 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया। रक्तदान शिविर में अभिषेक सिंह, गायत्री परिवार के कैलाशनाथ तिवारी, गायत्री परिवार के जिला समन्वयक डॉ. सुधाकर सिंह, राकेश सिंह, ऋषि श्रीवास्तव, देव श्रीवास्तव, सरजू प्रसाद वानप्रस्थी, सोनू सिंह, गुड्डू सिंह, प्रभाकर सक्सेना, रीतेश अग्रवाल, विनोद सिंह, हनुमान सिंह, प्रेमनाथ गुप्ता, आशीष अग्रहरि व्यवस्था में लगे रहे।
रक्तदान शिविर में आधी आबादी ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इस पुनीत कार्य में छात्राएं भी पीछे नहीं रहीं। छात्रा निष्ठा शर्मा, रेनू धुरिया और गृहिणी शोभा, सद्भावना सिंह और सरोज सिंह ने रक्तदान कर महिलाओं की अगुवाई की।