सुल्तानपुर। रेलवे गार्ड, चिकित्सक व तहसील कर्मी समेत 35 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शहर में भी संक्रमण बढ़ा है। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कुछ मरीजों को घर में आइसोलेट कराते हुए शेष को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया है।
डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को रिपोर्ट जारी की है। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे कॉलोनी में रह रहे एक गार्ड, तहसील सदर के एक कर्मी व एक सरकारी चिकित्सक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सदर की एक महिला व उसका एक वर्षीय मासूम पिता के संपर्क में आने पर कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। गभड़िया का एक प्रौढ़, एक युवक व पुरानी सब्जी मंडी का एक युवक संक्रमित मिला है।
शहर के पारकींसगंज निवासी एक युवक, जयसिंहपुर के हयातनगर की एक महिला, पटवा कटावां निवासी एक महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई है। दरियापुर की एक महिला व पलिया मुसाफिरखाना की निवासी एक महिला भी लैब की जांच में संक्रमित पाई गई है। लखनऊ लैब की नौ अगस्त के सैंपल में 12 पॉजिटिव पाए गए हैं। लखनऊ से पोर्टल पर अंकित कुल आठ पॉजिटिव मिले हैं। इसमें कुड़वार के कमालपुर निवासी एक महिला, डिहवा दूबेपुर निवासी एक युवक, जलालपुर पांडेयपुर निवासी एक महिला, नरेंद्रपुर निवासी महिला, शास्त्रीनगर निवासी एक प्रौढ़ में संक्रमण पाया गया है।
शहर के पंजाबी कालोनी निवासी दो महिला व अल्लीपुर कांपा निवासी एक प्रौढ़ कोरोना पॉजिटिव मिला है। सीएमओ ने बताया कि ट्रूनेट जांच में एक व एंटीजन टेस्ट में 14 संक्रमित पाए गए हैं। 35 नए संक्रमितों में कुछ को घर में आइसोलेट व शेष को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। कोविड केयर सेंटर से आठ व घर में आइसोलेट किए गए 35 के स्वस्थ होने पर उन्हें डिस्चार्ज किया गया है।