हेड पोस्ट ऑफिस में शुक्रवार को अचानक सर्वर फेल हो गया जिससे विभागीय कामकाज प्रभावित हो गया। डाक की डाटा फीडिंग करने में कई बार समस्या आई। दोपहर तक यही क्रम जारी रहा। तकरीबन दो घंटे से अधिक समय तक उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
स्थानीय डाकघर की शाखा में रोजाना की तरह शुक्रवार को भी काम-काज शुरू किया गया। 11 बजे से कंप्यूटर पर डाक जमा करने और डाटा फीडिंग का काम शुरू हुआ। अचानक सर्वर फेल होने से डाककर्मी सकते में आ गए। काउंटरों पर खड़े उपभोक्ताओं को डाक भेजने के लिए काफी प्रतीक्षा करनी पड़ी। रजिस्टर्ड डाक, स्पीड पोस्ट, पार्सल, जमा, भुगतान, मनीग्राम समेत अन्य काउंटरों के कंप्यूटरों पर नेटवर्क एरर बताने लगा।
बीच-बीच में नेटवर्क आता-जाता रहा। काम प्रभावित होने से कुछ उपभोक्ताओं ने शोर मचाया। डाककर्मियों ने अचानक उत्पन्न हुई समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। जिसके बाद डाक विभाग के अधिकारियों ने सॉफ्टवेयर इंजीनियरों से संपर्क साधा और सर्वर में आई कमी को दूर करने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद भी दोपहर तक डाक विभाग के अधिकारियों को सफलता नहीं मिल सकी।
तकरीबन दो घंटे तक कंप्यूटरों का कामकाज प्रभावित रहा। दोपहर एक बजे के करीब सर्वर ठीक हुआ। इस संबंध में प्रभारी डाक अधीक्षक संजीव दुबे ने बताया कि चेन्नई से सर्वर ऑपरेट होता है। अचानक सर्वर फेल बताने लगा जिससे कामकाज प्रभावित हुआ। इंजीनियरों की मदद से बाद में ठीक कर लिया गया।