शिक्षकों को अब तक
नहीं मिला जुलाई का वेतन
क्रासर
लेखा कार्यालय की मनमानी से उपजे हालात
5,150 परिषदीय शिक्षकों को झेलनी पड़ रही परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। जिले के 1,337 प्राथमिक व 433 उच्च प्राथमिक परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत 5,150 शिक्षकों को प्रत्येक माह की एक तारीख को वेतन मिल सके इसके लिए शासन की ओर से सख्त दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। शासन के निर्देश को पूरा किया जा सके इसके लिए लेखा कार्यालय द्वारा सभी बीआरसी केंद्रों से प्रत्येक माह शिक्षकों के वेतन का बिल मांगा जाता है। बीआरसी केंद्रों को बिल देने के लिए अधिकतम 22 तारीख की डेडलाइन तय की गई है। शासन की ओर से इस संबंध में जारी सख्त आदेश के बावजूद जिले में तैनात शिक्षकों को किसी भी माह का वेतन समय पर नहीं मिलता। इस दिशा में बेसिक व लेखा की मनमानी का आलम यह है कि शिक्षकों को जुलाई माह का वेतन (20 अगस्त) अब तक नहीं मिल सका है। लेखा कार्यालय सूत्रों की मानें तो शासन ने बीते माह सभी शिक्षकों का आधार नंबर उनके वेतन से लिंकअप कराने का आदेश दिया था। आधार एकत्र होने, उसकी जांच कराने और लिंकअप करने में हुई देरी की वजह से ही जुलाई माह का वेतन भुगतान करने में विलंब हो रहा है।
इनसेट
दो-तीन दिन में मिलेेगा वेतन
लेखाधिकारी श्रीराम मौर्य ने बताया कि तकरीबन शिक्षकों का आधार उनके वेतन से लिंक किया जा चुका है। बमुश्किल दो-तीन दिन में सभी शिक्षकों का जुलाई माह का वेतन उनके बैंक खातों में अंतरित हो जाएगा।