354 अमान्य स्कूलों पर दर्ज होगा केस
क्रासर
नोटिस के बावूजद स्कूल बंद नहीं करने का मामला
डीआईओएस व बीएसए ने तैयार की स्कूलों की सूची
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। शिक्षा विभाग की टीम द्वारा किए जा रहे निरीक्षण व नोटिस के बावजूद संचालकों द्वारा विद्यालय नहीं बंद करने से परेशान जिला प्रशासन ने केस दर्ज करवाने का निर्णय लिया है। जांच टीम की रिपोर्ट पर विद्यालयों की सूची तैयार कर डीआईओएस व बीएसए ने डीएम से अनुमति मांगी है। अनुमति प्राप्त होने के बाद सूचीबद्ध अमान्य विद्यालय संचालकों के खिलाफ विभाग संबंधित थाने में केस दर्ज करवाएगा।
प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिले में अमान्य विद्यालयों का संचालन बंद करवाने के लिए गठित टीम के लगातार निरीक्षण व नोटिस के बावजूद विद्यालय संचालकों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। निरीक्षण व नोटिस जारी करने के बावजूद विद्यालयों का संचालन बंद नहीं होने से परेशान डीआईओएस व बीएसए ने संचालकों के खिलाफ केस दर्ज करवाने की योजना बनाई है। डीआईओए नंदलाल गुप्ता व बीएसए राजकुमार पंडित ने गठित जांच टीमों की रिपोर्ट पर नोटिस के बावजूद विद्यालय संचालन बंद नहीं करने वाले 354 विद्यालयों को सूचीबद्ध करते हुए डीएम योगेश कुमार से केस दर्ज करवाने की अनुमति मांगी है। डीएम की अनुमति मिलते है संबंधित थानों में विद्यालय संचालक व प्रधानाध्यापक के खिलाफ केस दर्ज करवाया जाएगा।