स्थानांतरित एडीओ पंचायतों ने नहीं दी जॉइनिंग
क्रासर
इलाहाबाद से नहीं किए गए रिलीव
शासन की समय सीमा बीती
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। पदोन्नति के साथ पिछले दिनों इलाहाबाद स्थानांतरित किए गए चार एडीओ पंचायतों ने अभी तक जिले में जॉइनिंग नहीं दी है। इलाहाबाद पंचायतराज विभाग से अभी तक रिलीव नहीं किए जाने से शासन ओर से निर्धारित समय सीमा भी बीत गई है। चारों एडीओ पंचायतों के नहीं पहुंचने से जिले में अभी एडीओ पंचायतों की कमी बनी हुई है।
पिछले माह शासन ने करीब डेढ़ सैकड़ा ग्राम पंचायत अधिकारियों को पदोन्नति देते हुए एडीओ पंचायत बना दिया गया था। पदोन्नति के साथ ही निदेशालय ने कुछ एडीओ पंचायतों का स्थानांतरण गैर जनपद करते हुए 15 जून तक योगदान देने का निर्देश दिया था। स्थानांतरण में जिले को इलाहाबाद जनपद से चार एडीओ पंचायत मिले थे। शासन के स्पष्ट निर्देश के बाद भी इलाहाबाद से जिले के लिए स्थानांतरित एडीओ पंचायतों ने अभी तक अपनी योगदान रिपोर्ट नहीं दी है। सूत्रों की मानें तो चारो एडीओ पंचायत अभी तक इलाहाबाद जनपद से रिलीव ही नहीं किए गए हैं। रिलीव नहीं किए जाने से शासन के आदेश की अवहेलना हो रही है। पता चला है कि स्थानांतरित एडीओ पंचायतों ने अभी तक अपने पूर्व के पदों का चार्ज ही नहीं दिया है। डीपीआरओ इलाहाबाद आरपी मिश्रा इसकी पुष्टि भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ब्लॉक में चार्ज नहीं देने की वजह से अभी तक उन्हें रिलीव नहीं किया गया है। उधर, जिला पंचायतराज अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि जिले में अभी तक चारों एडीओ पंचायत ने अपनी जॉइनिंग नहीं दी हैं।