शहर के दरियापुर उपकेंद्र पर स्थापित 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर मंगलवार को खराब होने से 30 हजार आबादी की आपूर्ति बाधित हो गई है। करीब 28 घंटे से खराब ट्रांसफार्मर को अभी ठीक नहीं किया जा सका है। इसकी वजह से मंगलवार की रात से ही उपकेंद्र के दूसरे ट्रांसफार्मर से मोहल्लों को रोस्टिंग में बिजली आपूर्ति की जा रही है।
मंगलवार की शाम को अचानक शहर के दरियापुर उपकेंद्र पर स्थापित 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई। खराबी से इससे जुड़े करीब 15 हजार आबादी की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। सूचना पर इंजीनियरों व कर्मियों ने ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करने का प्रयास रात तक जारी रखा लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। रात तक ट्रांसफार्मर नहीं ठीक होने पर इंजीनियरों ने उपकेंद्र के दूसरे ट्रांसफार्मर से पूरे मोहल्ले को बारी-बारी से आपूर्ति देनी शुरू कर दी। बारी-बारी से आपूर्ति देने से सब स्टेशन से जुड़े सभी मोहल्ले बिजली को लेकर परेशान रहे। करीब 30 हजार की आबादी प्रभावित रही। बुधवार को फिर हुई जांच में ट्रांसफार्मर चलने योग्य नहीं पाया गया।
वितरण खंड ने नया ट्रांसफार्मर मंगाया है। नया ट्रांसफार्मर लगने में कई दिन लगने की संभावना जताई जा रही है। ट्रांसफार्मर खराब होने से 28 घंटे से उपकेंद्र की बिजली बाधित चल रही है। भीषण उमस के दौरान सब स्टेशन से जुड़े मोहल्लों में बारी-बारी से आपूर्ति मिलने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अधिशाषी अभियंता राजीव वर्मा ने बताया कि ट्रांसफार्मर ठीक नहीं हो पाया। नया ट्रांसफार्मर मंगाया जा रहा है।