गौरीगंज। अमेठी तहसील के बड़गांव स्थित श्री भीमसेन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को प्रबंधक ने मंगलवार देर शाम निलंबित कर दिया। प्रधानाचार्य पर शैक्षिक अभिलेखों में कूटरचना कर नौकरी हासिल करने व एमडीएम में धांधली के साथ गंभीर वित्तीय अनियमितता का आरोप है।
बडग़ांव स्थित श्री भीमसेन इंटर कॉलेज के प्रबंधक अरुण कुमार सिंह ने मंगलवार देर शाम कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवमिलन सरोज को निलंबित कर दिया। प्रबंधक की ओर से जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि सरोज तत्काल अपने पद का समस्त चार्ज वरिष्ठ प्रवक्ता सतीश चंद्र यादव को सौंप दें।
प्रबंधक ने प्रबंध समिति के सदस्य दूधनाथ सिंह व साधारण सभा सदस्य बाबूलाल सिंह को जांच का सदस्य नामित करते हुए प्रधानाचार्य पर लगे आरोपों की जांच करने को कहा है। निलबंन आदेश में यह भी कहा गया है कि जांच के दौरान शिकायतों की पुष्टि होने पर उनकी सेवा भी समाप्त की जा सकती है। प्रबंधक की मानें तो सरोज पर शैक्षिक अभिलेखों में कूट रचना कर नौकरी हासिल करने, एमडीएम में धांधली व वित्तीय घपले के आरोप हैं।