अलीगंज कस्बे में बिजली का टेढ़ा खंभा। संवाद
धम्मौर। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र के कूड़धाम फीडर से जुड़े रामापुर (हाजीपट्टी) गांव में ट्रांसफार्मर के पास केबल में फॉल्ट आने से 48 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। बृहस्पतिवार शाम से बिजली गुल होने से करीब 30 घरों के लोग भीषण उमस और गर्मी के बीच बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं। शनिवार शाम तक विभाग फॉल्ट दूर नहीं करा सका।
ग्रामीण शरद कुमार, राकेश कुमार, शिवम कुमार, सुनील कुमार, मनीष और श्याम बहादुर ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद से विभागीय अधिकारियों को लगातार सूचना दी जा रही है, लेकिन शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न रहने से पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा।
अवर अभियंता सचिन यादव ने बताया कि ट्रांसफार्मर के पास केबल में फॉल्ट आया है। उसे ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है।
झुके बिजली के खंभे से हो रही आपूर्ति, हादसे का खतरा
अलीगंज। कस्बे में आंधी और केबल के बढ़े लोड से दशकों पुराना बिजली का खंभा टूटकर झुक गया है। इसी खंभे के सहारे बिजली आपूर्ति जारी है, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लाइनमैन भी इस खंभे पर चढ़ने से बचते हैं। रामकृपाल मौर्य, श्यामलाल अग्रहरि, ईश्वरदत्त पांडेय, पिंटू तिवारी, अनूप जायसवाल और नीरज ने विभाग को शिकायती पत्र देकर खंभा बदलने की मांग की है। एसडीओ सौरभ दीक्षित ने बताया कि जल्द नया खंभा लगवाया जाएगा।