सुल्तानपुर। विकास भवन स्थित एनआईसी के डीआईओ (जिला सूचना विज्ञान अधिकारी) कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। डीआईओ के संक्रमित मिलने से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में हिस्सा लेने वाले अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग शनिवार को अधिकारियों की सैंपलिंग कराने की तैयारी में है। इसके साथ ही पुलिस लाइंस में भी संक्रमण पहुंच गया है। जिले में लैब व एंटीजन टेस्ट किट से कराई गई जांच में 28 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना टेस्ट रिपोर्ट बृहस्पतिवार की देर रात जारी की है। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि चार अगस्त को लैब जांच के लिए लखनऊ भेजे गए सैंपलों में आठ पॉजिटिव पाए गए हैं। शहर के कृष्णानगर मोहल्ले में एक परिवार में दो बच्चों समेत चार संक्रमित पाए गए हैं। बगल के दरियापुर मोहल्ले में एक वर्षीय बच्ची व उसका पिता में संक्रमण की पुष्टि हुई है। फरीदीपुर अस्थाई जेल में निरुद्घ एक युवक भी पॉजिटिव पाया गया है।
शहर के सिरवारा रोड निवासी एक बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में विभिन्न स्थानों पर बृहस्पतिवार को कराए गए एंटीजन टेस्ट में 20 कोरोना केस मिले हैं। सीएमओ ने बताया कि शुक्रवार को कराए गए एंटीजन टेस्ट में एनआईसी के डीआईओ समेत पुलिस लाइंस के सिपाही भी संक्रमित पाए गए हैं।
डीआईओ के पॉजिटिव मिलने पर डीएम के निर्देश पर शनिवार को अधिकारियों व कर्मचारियों की सैंपलिंग कराने की व्यवस्था की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद मरीजों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि फरीदीपुर कोविड केयर सेंटर में भर्ती 14 मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।