सुल्तानपुर। जिले के 45 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को 136वें जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में जुकाम व बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। कुल 2676 मरीजों का इलाज किया गया। इनमें से 231 लोगाें की कोविड स्क्रीनिंग की गई।
कुड़वार क्षेत्र के अलीगंज स्थित स्वास्थ्य केंद्र में 45, हरखीपुर में 62, भंडरा में 50, अझुई में 58 मरीजों ने जांच कराई। इन सभी स्थानों पर जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही। गंभीर रूप से बीमार मरीज मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर किए गए।
चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर वेदांत नारायण यादव ने बताया कि इन दिनों बुखार व जुकाम तेजी से फैला है। वहीं कूरेभार स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित जन आरोग्य मेले में पेट दर्द और बुखार के मरीज अधिक रहे। दोस्तपुर स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद डाॅ. देव नरायण निषाद ने बताया कि उनके यहां बुखार पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही।
सूरापुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में मरीजों का इलाज कर उन्हें दवाइयां दी गई। 45 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जन आरोग्य मेले में 81 चिकित्सकों, 283 पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी। इसमें 2,676 लोगों का इलाज किया गया। सीएमओ डाॅ. ओपी चौधरी ने बताया कि 231 लोगों की कोविड स्क्रीनिंग की गई व 98 आयुष्मान कार्ड बनाए गए।