भदैंया (सुल्तानपुर)। कोतवाली क्षेत्र शिवगढ़ के दरपीपुर के पास रविवार रात बरात जा रहे डीजे वाहन से एक कार टकरा गई। दुर्घटना में कार सवार एक चिकित्सक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अन्य तीन घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
अयोध्या जिले के कुमारगंज से रविवार को शिवगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बाबूगंज बाजार के पास एक बरात आ रही थी। बरात दुर्गापुर-कंधईपुर रोड से शिवगढ़ की ओर जा रही थी। रास्ते में दरपीपुर मोड़ के पास डीजे से एक कार की टक्कर हो गई। टक्कर में कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार पर सवार अयोध्या जिले के पिठला कुमारगंज निवासी अजय सिंह (45) की मौके पर मौत हो गई।
हादसे में कार पर सवार आजाद सिंह व बल्दीराय सीएचसी पर तैनात डॉ. शशि प्रकाश सिंह समेत एक अन्य घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। शिवगढ़ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।