सुल्तानपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान के दूसरे दिन 2354 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। रविवार को 43 ग्राम पंचायतों में आयोजित टीकाकरण में 100 से अधिक टीकाकारण कराने वालों को प्रशासन ने प्रशस्ति पत्र व सबसे खराब प्रगति वाले पंचायत सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के दूसरे दिन 14 विकास खंडों की 43 ग्राम पंचायतों में 2354 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने के लिए ग्राम पंचायतों में प्रचार की टीम लगाई थी।
धीमी प्रगति वाली ग्राम पंचायतों की जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने नामित कर्मचारियों पर शिकंजा कसते हुए ग्रामीणों को केंद्र पर लाने का निर्देश दिया। शाम तक 3400 के लक्ष्य के सापेक्ष दूसरे दिन 2354 का वैक्सीनेशन हो सका।
अधिकारियों ने टीकाकरण केंद्रों का जायजा लिया। डीपीआरओ आरके भारती ने बताया कि बल्दीराय के मेघमऊ में शाम तक 154 लोगों का टीकाकरण कराए जाने पर डीएम की ओर से ग्राम प्रधान विपता व पंचायत सचिव रवि राना को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
डीएम की ओर से बल्दीराय विकास खंड को ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में 100 से अधिक लोगों का टीकाकरण हुआ है उन ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव को प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहवर्धन किया जाएगा। खराब ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
आज इन गांवों में लगेगा टीका
सोमवार को भी 14 विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में टीकाकरण कराया जाएगा। जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती ने बताया कि सोमवार को दोस्तपुर विकास खंड के नारामधईपुर, बेलवारे व सैलखा, ब्लॉक कूरेभार के गड़ौली, दक्खिनवारा व सिरवारा, ब्लॉक भदैंया के बरुई, भैरवपुर व नरायनपुर, मोतिगरपुर के मैरीसंग्राम, लामाबनकठा व गोरसरा, कुड़वार के पटईपुुर, रनकेडीह व सरैयापूरे बिसेन, कादीपुर ब्लॉक के कमरावां, दौलतपुर व मालापुर जगदीशपुर, ब्लॉक करौंदीकला के अमिलिया, अमरेमऊ व पहाड़पुर कला, ब्लॉक लंभुआ के खुदौली, दहेवगोपालपट्टी व चौकिया, ब्लॉक दूबेपुर के कबरी, महाजितपुर व बनकेपुर में टीकाकरण होगा।
इसके साथ ही बल्दीराय के जरईकला, डोभियारा व मेघमऊ, ब्लॉक पीपी कमैचा के प्रतापपुर कमैचा, छतौनाकलां व सदरपुर, ब्लॉक धनपतगंज के बढ़नपुर, महमंदीपुर व सरैया भरथी, अखंडनगर के प्राणनाथपुर बछेड़िया, फरीदपुर व कुंदाभैरोपुर, जयसिंहपुर के डोमापारा, अमिलिया सिकरा व करसा में टीकाकरण कराया जाएगा।