अमेठी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्थानीय विधानसभा क्षेत्र के सभी ब्लॉकों में स्थानीय विधायक के प्रयास से 23 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित होंगे। क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने की दिशा में एक नया कदम है।
केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ओर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराए जाने की दिशा में सराहनीय पहल की गई है। इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से क्षेत्र में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की स्थापना होगी।
स्थानीय विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक गरिमा सिंह के प्रयास से 23 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर मिले हैं। इसमें विकास खंड अमेठी में छह, भेटुआ को 13 तथा भादर और संग्रामपुर को दो-दो हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की स्थापना होगी।
विधायक प्रतिनिधि अनंत विक्रम सिंह ने बताया कि क्षेत्र में कुल एक करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से 23 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की स्थापना होगी। इसके लिए शासन से धनराशि निर्गत की जा चुकी है।
सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर आधुनिक संसाधनों से लैस होगा, जिसमें लैब के साथ ही डिलीवरी की सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सीएमओ आरएम श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में 72 हेल्थ वेलनेस सेंटर बनेंगे, जिनके लिए पांच करोड़ 40 लाख रुपये की धनराशि शासन से मिली है। बताया कि 25 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनकर तैयार हो गए हैं और पांच निर्माणाधीन हैं।