बल्दीराय (सुल्तानपुर)। तहसील क्षेत्र बल्दीराय के डीह में 23 एकड़ भूमि पर पीपी मॉडल पर कैंसर अस्पताल स्थापित करने की कवायद शुरू हो गई है। शासन के निर्देश पर एसडीएम ने भूमि को चिह्नित करते हुए डीएम को रिपोर्ट भेज दी है।
बल्दीराय तहसील क्षेत्र के डीह गांव में 300 बेड का आधुनिक कैंसर अस्पताल खोलने की एक निजी संस्था ने पहल की है। संस्था की पहल पर सरकार ने सहयोग देने का वादा किया है। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद संस्था ने अस्पताल की स्थापना के लिए 300 करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किया है। इसके बाद भूमि की मांग रखी थी।
शासन के आदेश व जिला प्रशासन के निर्देश पर एसडीएम महेंद्र श्रीवास्तव ने डीह गांव में करीब 23 एकड़ भूमि अस्पताल के लिए चिह्नित कर ली है। मंगलवार को भूमि का जायजा लेने के बाद एसडीएम ने डीएम को अपनी रिपोर्ट भेज दी। एसडीएम ने बताया कि दायरे में आने वाली भूमि के एवज में किसानों को उसी गांव में दूसरी जगह भूमि दी जाएगी।
सीआरओ शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि अस्पताल का संचालन पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर किया जाएगा। रमा रामजी प्राइवेट लिमिटेड ने सरकार के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किया है। संस्था की निदेशक के मुताबिक 100 बेड के कैंसर अस्पताल स्थापना के लिए करार किया गया है। अब उसे बढ़ाकर 300 बेड करने की कोशिश चल रही है। इसमें बी फार्मा व नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की जाएगी।