सुल्तानपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में छह दिन से कोरोना टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के छठवें दिन बृहस्पतिवार को 14 ब्लॉक की 43 ग्राम पंचायतों में शाम तक 2293 लोगों का वैक्सीनेशन कराया गया।
सुबह से शुरू हुए टीकाकरण में कुछ सुस्ती रही। दो घंटे बाद करीब 12 बजे पहली रिपोर्ट मिलने पर अधिकारियों ने कर्मचारियों को टीकाकरण बढ़ाने का निर्देश दिया। इसके बाद ग्रामीणों को बुलाकर टीकाकरण कराना शुरू कराया।
शाम तक 3400 के लक्ष्य के सापेक्ष 2293 का वैक्सीनेशन हो सका। जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती ने बताया कि अभियान में दूबेपुर के करमपुर परवरभार में 109 व बल्दीराय के सिंघनी में 104 का वैक्सीनेशन कराया गया।
कुड़वार के कोटिया में शाम पांच बजे तक सिर्फ चार का ही टीकाकरण हो सका।डीपीआरओ ने सौ से अधिक टीकाकरण कराने वालों को प्रशस्ति पत्र देने के साथ कोटिया के ग्राम पंचायत सचिव को फटकार लगाई है।
आज इन गांवों में होगा टीकाकरण
शुक्रवार को 14 विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में टीकाकरण कराया जाएगा। जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती ने बताया कि शुक्रवार को दोस्तपुर विकास खंड के अहिवरनपुर, सुरहुरपुर व गोसैसिंहपुर, ब्लॉक कूरेभार के ईरुल, मीरदासपुर व सरवन, ब्लॉक भदैंया के पाल्हनपुर, ऊंचहरा व पुरैना, मोतिगरपुर के पहाड़पुर सरायभीखम, शुकुलदुलैचा व अहदा, कुड़वार के नौगवांतीर, बेलापश्चिम व माधवपुर आचार्य, कादीपुर ब्लॉक के लौहारा, सरायरानी व सरैया कमौरा, ब्लॉक करौंदीकलां के दसगरपारा, देवराजपुर व गुदरा, ब्लॉक लंभुआ के तातोमुरैनी, देवलपुर व मलाकदोषपट्टी, ब्लॉक दूबेपुर के सरैया, करौंदिया देहात व नकराही में टीकाकरण होगा। बल्दीराय के पारा, अतानगर व बीहीनिदूरा, ब्लॉक पीपीकमैचा के गौरा, बसुही व सिंहौली, ब्लॉक धनपतगंज के भरसड़ा, टीकर व पिपरी सांईनाथपुर, अखंडनगर के पाराबासूपुर, बड़ौरा ख्वाजापुर व रतनपुर, जयसिंहपुर के भभोट, अलावलपुर व चोरमा में टीकाकरण कराया जाएगा।