हालत नाजुक, ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर
बल्दीराय/विंदेश्वरीगंज (सुल्तानपुर)। जिला पंचायत अध्यक्ष के प्राइवेट गनर को बाइक सवार दो युवकों ने उस समय गोली मार दी जब वह ग्राम प्रधान के बेटे को बाइक पर बैठाकर स्कूल पहुंचाने जा रहा था। गंभीर हालत में गनर को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
घटना के पीछे रंजिश का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस को परिवारीजनों ने दो युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। बल्दीराय थाना क्षेत्र के उल्लाहवा मजरे गोविंदपुर निवासी काली प्रसाद यादव उर्फ मुन्ना यादव (38) पुत्र विंदेश्वरी प्रसाद यादव जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह के प्राइवेट गनर हैं।
बृहस्पतिवार की सुबह काली प्रसाद दखिनवारा गांव के प्रधान वासदेव यादव के बेटे सौरभ को बाइक पर बैठाकर स्कूल पहुंचाने जा रहे थे। रास्ते में शुकुलपुर गोविंदपुर गांव के पास एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और काली प्रसाद यादव को गोली मार दी। गोली लगते ही काली प्रसाद बाइक से गिर पड़े।
बाइक पर बैठे प्रधान के बेटे सौरभ ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़े। लोगों को आता देख हमलावर फरार हो गए। लहूलुहान हालत में काली प्रसाद को परिवारीजन लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से काली प्रसाद को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।
इस बाबत थानाध्यक्ष शिवाकांत तिवारी ने बताया कि परिवारीजनों ने अशोक यादव निवासी पूरे लोचई गोविंदपुर और भरतलाल गुप्ता निवासी गोविंदपुर के खिलाफ तहरीर दी है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है। घटना के पीछे रंजिश का मामला प्रकाश में आया है।
वर्ष 2012 में शुरू हुई रंजिश
सुल्तानपुर। आरोप है कि उल्लाहवा गांव निवासी काली प्रसाद यादव और राजन यादव ने पूरे लोचई गोविंदपुर निवासी शिवकुमार यादव की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद राजन यादव और काली प्रसाद जेल गए थे। मौजूदा समय में काली प्रसाद जमानत पर जेल से बाहर है, जबकि उसका भाई राजन जेल में है। घटना के पीछे प्रतिशोध को वजह माना जा रहा है।