महामना, कुंभ एक्सप्रेस समेत 10 अन्य ट्रेनें भी कई घंटे देरी से पहुंचीं
सुल्तानपुर। स्थानीय स्टेशन से होकर गुजरने वाली कोटा-पटना डाउन एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को तय समय से करीब साढ़े सात घंटे लेट रही। महामना, बेगमपुरा, उपासना एक्सप्रेस समेत 10 अन्य ट्रेनें भी तय समय से कई घंटे लेट रहीं। गर्मी के मौसम में ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आजकल गर्मी के मौसम में भी प्रमुख ट्रेनों के संचालन में लेटलतीफी से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ अप एक्सप्रेस करीब पौने दो घंटे लेट रही। हावड़ा-हरिद्वार कुंभ अप सुपर फास्ट एक्सप्रेस तय समय से करीब डेढ़ घंटे लेट रही।
हावड़ा-अमृतसर अप एक्सप्रेस तय समय से करीब सवा एक घंटे से अधिक विलंब से रवाना की गई। रक्सौल से आनंद विहार तक जाने वाली सद्भावना अप एक्सप्रेस सवा एक घंटे से लेट रही। राजगीर से नई दिल्ली तक जाने वाली श्रमजीवी अप एक्सप्रेस डेढ़ घंटे से अधिक विलंब से रवाना की गई।
नई दिल्ली से वाराणसी को जाने वाली महामना डाउन एक्सप्रेस तय समय से करीब तीन घंटे से अधिक देरी से रवाना की गई। इंदौर-राजेंद्रनगर डाउन एक्सप्रेस का संचालन तय समय से करीब सवा तीन घंटे से अधिक विलंब से किया गया।
जम्मूतवी से वाराणसी को जाने वाली बेगमपुरा डाउन एक्सप्रेस तय समय से करीब सवा दो घंटे लेट रही। देहरादून से हावड़ा तक जाने वाली उपासना डाउन एक्सप्रेस तीन घंटे से अधिक विलंब से रवाना की गई। कोटा-पटना डाउन एक्सप्रेस का संचालन तय समय से करीब साढ़े सात घंटे से अधिक विलंब से किया गया। ट्रेनों के संचालन में विलंब से यात्री परेशान रहे।