15 जनवरी से होगा पद्मावत एक्सप्रेस का संचालन
गौरीगंज। कोहरे के मद्देनजर एक दिसंबर से निरस्त प्रतापगढ़-दिल्ली पद्मावत एक्सप्रेस का संचालन 15 जनवरी से दोबारा शुरू होगा। यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए रेल विभाग ने 15 जनवरी को प्रतापगढ़-दिल्ली अप पद्मावत एक्सप्रेस तथा 16 जनवरी को दिल्ली-प्रतापगढ़ डाउन पद्मावत एक्सप्रेस का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है।
घने कोहरे के मद्देनजर लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक से प्रतिदिन गुजरने वाली पद्मावत एक्सप्रेस का संचालन विभाग ने एक दिसंबर को निरस्त कर दिया था। ट्रेन के निरस्त होने से प्रतापगढ़ से दिल्ली तक की यात्रा करने वालों के साथ ही लखनऊ से गौरीगंज प्रतिदिन ड्यूटी करने दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यात्रियों की परेशानी व विभाग को हो रहे प्रतिदिन लाखों के नुकसान को दूर करने के लिए डीआरएम ने बृहस्पतिवार को ट्रेन का संचालन बहाल करने का निर्णय लिया है।
डीआरएम की ओर से जारी आदेश में 15 जनवरी को प्रतापगढ़ से दिल्ली अप पद्मावत एक्सप्रेस तथा 16 जनवरी को दिल्ली से प्रतापगढ़ डाउन पद्मावत एक्सप्रेस को नियमित संचालित करने को कहा गया है। ट्रेन का संचालन नियमित होने से दैनिक यात्रियों के साथ दिल्ली जाने वालों को सहूलियत मिलने के साथ विभाग को हो रही आर्थिक क्षति से निजात मिलेगी। स्टेशन मास्टर पंकज सिंह ने डीआरएम कार्यालय का आदेश मिलने की पुष्टि की है।