गौरीगंज। करीब दो माह बाद अमेठी सांसद राहुल गांधी 15 जनवरी को अमेठी आ रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र आ रहे सांसद का दौरा दो दिवसीय होगा।
कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अमेठी आ रहे राहुल गांधी के स्वागत को लेकर कांग्रेसियों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्र ने दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि 15 जनवरी को सलोन और अमेठी में राहुल गांधी का स्वागत किया जाएगा।
16 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में जगदीशपुर, मुसाफिरखाना, गौरीगंज और तिलोई विधानसभा क्षेत्र के मोहनगंज में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
इन कार्यक्रमों में न सिर्फ राहुल गांधी का स्वागत किया जाएगा बल्कि इस दौरान वे कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद पब्लिक से उनकी समस्याएं भी जानेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अमेठी आ रहे राहुल के स्वागत कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेसियों ने तैयारी भी शुरू कर दी हैं।