न्याय की आस में भटक रहा युवक लापता
क्रासर
पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। रास्ते पर किए गए अवैध कब्जे के मामले में बीते तीन माह से न्याय की आस में भटक रहा युवक आखिरकार दो दिन पूर्व थाने के सामने से लापता हो गया। गुमशुदगी दर्जकर पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के गांव नरायनपुर निवासी श्रीभगवान मिश्र के घर तक जाने वाला इकलौता रास्ता करीब साढ़े तीन माह पूर्व उनके पड़ोसी ने बंद कर दिया। रास्ता खुल सके इसके लिए श्रीभगवान का 30 वर्षीय पुत्र प्रेमशंकर उर्फ डब्बू लगातार दौड़ भाग कर रहा था। मामले को लेकर वह अब तक दर्जनों बार डीएम व एसडीएम के साथ अधीनस्थ अधिकारियों के यहां दौड़ लगाने के साथ 40 प्रार्थना पत्र दे चुका था। बावजूद इसके न्याय तो दूर तीन दिन पूर्व उनके पड़ोसी ने रास्ते पर पौधा लगा दिया। इसकी शिकायत करने के लिए डब्बू एक अक्तूबर की सुबह अपनी फौजी भाई सौरभ के साथ थाने गया। थाने के बाहर पहुंचने के बाद डब्बू ने अपने भाई को यह कहते हुए किसी काम से अमेठी भेज दिया कि लौटने के बाद उसे थाने के सामने से ले लेगा। सौरभ अमेठी से वापस आया तो डब्बू नहीं मिला। देर शाम तक डब्बू की तलाश करने व सफल नहीं होने पर सौरभ थाने पहुंचा और भाई के लापता होने की तहरीर दी। एएसपी बीसी दुबे ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है।