अवैध वसूली के आरोप में शिक्षक की संबद्धता निरस्त
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। शिक्षकों से वेतन एवं अन्य देयकों के भुगतान के एवज में अवैध वसूली करने की शिकायत पर बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में कार्यरत शिक्षक का संबद्धीकरण बीएसए ने निरस्त कर दिया है। मामले में जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की गई है।
कुड़वार विकासखंड क्षेत्र के गणेशगंज उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत शिक्षक विनोद पांडेय को 26 दिसंबर 2011 को तत्कालीन बीएसए उदय प्रकाश मिश्र ने बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर संबद्ध किया था। विनोद कुमार पांडेय पर एक व्यक्ति ने अवैध वसूली करने तथा मनमाने ढंग से शिक्षकों का वेतन रोकने का आरोप लगाते हुए ऑनलाइन शिकायत की थी। शिकायत पर बीएसए कौस्तुभ कुमार सिंह ने पांच बिंदुओं पर विनोद कुमार पांडेय से स्पष्टीकरण मांगा था। स्पष्टीकरण संतोषजनक न होने पर बीएसए ने संबंधित शिक्षक का संबद्धीकरण आदेश निरस्त करते हुए उच्च प्राथमिक विद्यालय गणेशगंज में कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है। मामले में खंड शिक्षाधिकारी कूरेभार रवींद्र कुमार वर्मा तथा खंड शिक्षाधिकारी अखंडनगर गुलाबचंद्र की दो सदस्यीय समिति गठित कर आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया है।