भदैंया (सुल्तानपुर)। जनता दरबार में पहुंचे एक तीमारदार ने स्वास्थ्य केंद्र पर व्याप्त अव्यवस्था के बारे में शिकायत की तो डीएम सीएचसी का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। निरीक्षण में स्वास्थ्य एवं सूचना अधिकारी के कमरे में बीयर की दो बोतलें मिलीं। डीएम ने आरोपी एचईओ के खिलाफ सीएमओ को कार्रवाई का निर्देश दिया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गोपालपुर निवासी राममिलन तिवारी पिछले सोमवार को पौने दो बजे सीएचसी पौत्र को लेकर पहुंचे थे, जहां उन्हें काउंटर से पर्ची नहीं दी गई थी। इसकी शिकायत उन्होंने क्षेत्रीय विधायक देवमणि दूबे से की थी। विधायक के निर्देश के बाद भी सीएमओ ने कोई कार्रवाई नहीं की थी।
बुधवार को चिकित्सक के व्यवहार से खिन्न राममिलन तिवारी जिलाधिकारी के जनता दरबार पहुंच गए। उन्होंने डीएम से पूरी बात बताई। डीएम मामले को गंभीरता से लेते हुए खुद सीएचसी भदैंया जांच करने पहुंच गए। जांच के दौरान डीएम सीएचसी पर तैनात एचईओ (स्वास्थ्य एवं सूचना अधिकारी) संगमलाल के कमरे में गए।
संगमलाल नदारद मिले। पता चला कि संगमलाल फील्ड वीजिट पर हैं। उनके कमरे में बीयर की दो खाली बोतलें मिलीं। डीएम ने सीएमओ डॉ. चंद्रभूषणनाथ त्रिपाठी को एचईओ के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है। सीएमओ डॉ. चंद्रभूषणनाथ त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें डीएम के औचक निरीक्षण की जानकारी मिली है।