लापरवाही पर 20 प्रधानाचार्यों से जवाब तलब
गौरीगंज। डीआईओएस कार्यालय से हाई स्कूल व इंटरमीडिएट का अंकपत्र प्राप्त कर वितरण नहीं करना जिले के 20 माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भारी पड़ गया। पटल सहायक से जानकारी प्राप्त होने के बाद डीआईओएस ने सभी को नोटिस देकर तीन दिन में कार्यालय से अंक पत्र प्राप्त कर वितरण करने तथा समुचित जवाब देने का आदेश दिया है। जवाब संतोषजनक नहीं होने तथा तीन दिन में अंक पत्रों का वितरण नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से संचालित हाई स्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के अंक पत्र कार्यालय से प्राप्त कर विद्यार्थियों में वितरण नहीं करना जिले के 20 माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यो को भारी पड़ गया। प्रधानाचार्यों को कई बार सूचना देने के बावजूद डीआईओएस कार्यालय से अंक पत्र प्राप्त नहीं करने से परेशान परीक्षा प्रभारी जितेंद्र दुबे ने शनिवार को मामले की जानकारी डीआईओएस नंदलाल गुप्ता को दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में कार्यालय में उपस्थित होकर हाई स्कूल व इंटरमीडिएट के अंक पत्र प्राप्त कर विद्यार्थियों में वितरित करने तथा समुचित जवाब देने का आदेश दिया है। नोटिस में सोमवार तक कार्यालय से अंक पत्र प्राप्त कर वितरण कार्य शुरू नहीं करने तथा जवाब संतोषजनक नहीं होने पर वेतन रोकने के साथ ही विभागीय कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।