सुल्तानपुर। जिले के 200 विद्यालयों के 20 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत होगा। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन और कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशिक्षण को प्रभावी और व्यावहारिक बनाने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार, अग्नि सुरक्षा और भूकंप जैसी आपदाओं से बचाव के तरीके सिखाए जाएंगे। बाढ़, आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली, हीटवेव और शीतलहर से बचाव की जानकारी भी दी जाएगी। प्रशिक्षण में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और पुलिस का सहयोग लिया जाएगा। विद्यालयों में मॉक ड्रिल और व्यावहारिक अभ्यास भी कराए जाएंगे। अपर जिलाधिकारी राकेश सिंह ने प्रशिक्षण को कौशल आधारित बनाने पर जोर दिया।