सुल्तानपुर। जिले में 91 निवेशकों ने 23 विभागों से सहमति पाकर अपना कारोबार शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के 200 से अधिक ऋण आवेदन विभिन्न बैंकों में लंबित हैं। बृहस्पतिवार को मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बैंकों को जल्द ऋण वितरण के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट में उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक में सीडीओ ने लंबित आवेदनों पर नाराजगी जताई। उन्होंने बिना ठोस वजह आवेदन निरस्त करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। समीक्षा में सामने आया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में जिले को सीएम डैशबोर्ड पर ए ग्रेड मिला है। 200 से अधिक आवेदन बैंकों में लंबित हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा, स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और ग्रामीण बैंक में ये आवेदन अटके हैं। उद्योग विभाग के निवेशमित्र पोर्टल पर किसी भी विभाग का कोई प्रकरण लंबित नहीं मिला। बैठक में उपायुक्त उद्योग नेहा सिंह और अधिशासी अधिकारी लालचंद भी मौजूद रहे।
औद्योगिक विकास और जाम की समस्या
सीडीओ ने नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के लिए यूपीसीडा प्रतिनिधि को दोबारा प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। सरदार वल्लभभाई पटेल इंप्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन पर भी चर्चा हुई। व्यापारियों ने अमहट से गोलाघाट, पयागीपुर चौराहे से गोलाघाट और चौक क्षेत्र में जाम की समस्या उठाई। सीडीओ ने एसडीएम सदर, पुलिस क्षेत्राधिकारी और यातायात पुलिस के साथ समन्वय बनाकर समाधान कराने को कहा।