दोस्तपुर के खालिसपुर दुर्गा गांव में गेहूं की जली फसल। संवाद
कुड़वार/दोस्तपुर। जिले में दो स्थानों पर आग लगने से करीब 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
कुड़वार के डड़वा सोहगौली गांव में मंगलवार दोपहर अज्ञात कारणों से अचानक गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। तेज हवाओं से आग बेकाबू हो गई। पीआरवी व ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक नंद किशोर मिश्र, चंद्र किशोर, संतराम मिश्र, हौसिला प्रसाद मिश्र, राम करन यादव, शिव प्रसाद, दिवाकर, देवतादीन और कालिका पाठक की कुल मिलाकर लगभग 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। आग लगने की जानकारी मिलने पर बुधवार को ग्राम प्रधान संजय, राजस्व निरीक्षक शिव प्रसाद और लेखपाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने घटना स्थल का दौरा किया। राजस्वकर्मियों ने नुकसान का जायजा लिया।
उधर, दोस्तपुर के खालिसपुर दुर्गा गांव में बुधवार सुबह नौ बजे बिजली की शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक गांव निवासी लालता विश्वकर्मा की लगभग चार बीघा और पुनीत की एक बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना राजस्व विभाग को दी है।