बिजली चोरी में दो के खिलाफ मुकदमा
लंभुआ (सुल्तानपुर)। तहसील के कई गांवों में मंगलवार को बिजली बिल बकाया वसूली अभियान चलाया गया। इस दौरान दो उपभोक्ताओं को चोरी से निजी नलकूप चलाते पकड़ा गया। आरोपियों के खिलाफ चांदा कोतवाली में मामला दर्ज कराया गया। तीन गांवों में बकाया बिल जमा नहीं करने के चलते 12 कनेक्शन काटे गए। अभियान के तहत सवा लाख रुपये की वसूली की गई।
मंगलवार को एसडीओ सुजीत कुमार चौधरी के नेतृत्व में बकाया वसूली व चेकिंग अभियान चलाया गया। कस्बे के राम दरबार मंदिर के समीप बिजली बिल जमा नहीं करने वाले पांच बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए गए। किंदीपुर और बरुआ गांव में भी अभियान चलाया गया। यहां पर सात लोगों के बिल का भुगतान नहीं होने की वजह से उनके कनेक्शन विच्छेदित कर दिए गए। एक लाख 25 हजार रुपये बकाया की वसूली की गई। रजवारे रामपुर में यशवंत सिंह व बरुआ उत्तरी में राम प्रवेश का निजी नलकूप बिना कनेक्शन के चलता पाया गया। दोनों के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा चांदा कोतवाली में दर्ज कराया गया है।
ऑनलाइन जमा होंगे पांच उपकेंद्रों के बिल
लंभुआ (सुल्तानपुर)। स्थानीय विद्युत उपभोक्ताओं को विद्युत बिल जमा करने के लिए दौड़भाग से फुरसत मिलेगी। तहसील मुख्यालय समेत इलाके के सैकड़ों गांवों के व्यावसायिक व घरेलू उपभोक्ताओं को अब मासिक बिजली बिल जमा करने के लिये जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र पर ऑनलाइन बिल जमा करने की व्यवस्था की गई है। अवर अभियंता हरीश मिश्र ने बताया कि निजी फ्रेंचाइजी व्यवस्था खत्म होने के बाद उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। उपकेंद्र परिसर में ही ऑनलाइन बिल जमा करने की व्यवस्था उपलब्ध है। क्षेत्र के पांच प्रमुख विद्युत उपकेंद्रों लंभुआ, गारवपुर, चांदा, किंदीपुर व शिवगढ़ के उपभोक्ता अपना बकाया जमा कर सकते हैं।